दिल्ली सहित 6 राज्यों (हरियाणा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड) में चल रही मतदाता सूची की एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से कट गए थे, उनके लिए चुनाव आयोग ने एक राहत भरा मौका दिया है। जिन मतदाताओं के नाम घर पर न मिलने, दूसरी जगह चले जाने, मृत मान लिए जाने या नाम दो बार होने (ASDD) जैसी वजहों से कट गए थे और जिनके फॉर्म जमा नहीं हो पाए थे, वे अब बेहद आसानी से अपना नाम दोबारा जुड़वा सकते हैं। इसके लिए उन्हें नया वोटर बनने के लिए 'फॉर्म-6' या पता बदलने के लिए 'फॉर्म-8' भरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, प्रभावित मतदाता अपना एंटीडैटेड/संबंधित फॉर्म (EF) और एक संलग्नक (Annexure) भरकर ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) या बूथ-लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जमा कर सकते हैं। इस संलग्नक में यह कारण बताना होगा कि वे पहले फॉर्म क्यों नहीं जमा कर पाए थे और साथ ही यह घोषणा भी करनी होगी कि उन्होंने SIR के दौरान नए सिरे से रजिस्ट्रेशन के लिए 'फॉर्म 6' जमा नहीं किया है। यदि कोई मतदाता राज्य के भीतर ही दूसरी जगह शिफ्ट हो गया है, तो उसे नए इलाके के ERO के पास फॉर्म जमा करना होगा। मतदाता चाहें तो अपना पुराना वोटर कार्ड नंबर डालकर ECINet वेबसाइट से खुद भी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
जिला चुनाव अधिकारियों और बीएलओ (BLO) को यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर, पड़ोसियों, परिवार या RWA से संपर्क कर प्रभावित मतदाताओं तक फॉर्म (EF) पहुँचाएं। इसके बाद ERO मौके पर जाकर और पूरी जाँच करने के बाद मतदाता की पात्रता तय करेंगे और सूची में नाम बहाल करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।